वाराणसी। युवा प्रवासी भारतीयों के साथ बीएचयू के छात्र-छात्राओं को संवाद करने का मौका मिलेगा। स्वतंत्रता भवन में इसके लिए 21 जनवरी को कार्यक्रम होगा। इसमें दौरान प्रवासी भारतीयों के साथ ही चयनित छात्र-छात्राओं समेत 1300 लोग मौजूद रहेंगे।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन को लेकर सभी जगह तैयारियां चल रही है। माध्यमिक विद्यालयों के छात्र अलग-अलग देश के झंडे, परिधान आदि के साथ प्रवासी भारतीयों का स्वागत करेंगे, वहीं बीएचयू में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से इसी दौरान राष्ट्रीय एकता शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें यूपी समेत 16 राज्यों के स्वयंसेवक भाग लेंगे। स्वतंत्रता भवन में होने वाले आयोजन में प्रदेश के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री चेतन चौहान छात्रों का उत्साह बढ़ाएंगे। स्वतंत्रता भवन के बाहर गैलरी में पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। विश्वविद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं का चयन करने के साथ ही कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है।