बड़ागांव। कपसेठी थाना क्षेत्र के भिटकुरी गांव के समीप सोमवार की सुबह एक युवक का शव मिला। उसकी शिनाख्त बड़ागांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव निवासी मजदूरी करने वाले संजय पटेल (38) के तौर पर हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दिए। पुलिस संजय के साथी मजदूर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पिंडराई गांव का मूल निवासी संजय पटेल एक दशक से बलुआ गांव में मकान बनवाकर परिवार के साथ रह रहा था। रविवार की सुबह आठ बजे गांव के ही कुछ मजदूरों के साथ कपसेठी थाना क्षेत्र के सेवापुरी पहुंचा और वहां से बस से वाराणसी गया। रात में वापस आने पर भिटकुरी गांव के समीप कुछ लोगों के साथ शराब पिया। आशंका जताई जा रही है कि मजदूरी के पैसों को लेकर मारपीट हुई और उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर एसडीएम पिंडरा डॉ. एनएन यादव, सीओ बड़ागांव प्रीती त्रिपाठी और इंस्पेक्टर महेश पांडेय पहुंचे। मृतक की पत्नी और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा। संजय को एक पुत्र और एक पुत्री है।