औराई। थाना क्षेत्र के उगापुर नहरा के समीप बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे बाइक से गिरी महिला ट्रक की चपेट में आ गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृत महिला जौनपुर के गोधना गांव की रहने वाली थी। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान बीच सड़क ट्रक खड़े होने से जाम लग गया। आधे घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ।
जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के गोधना गांव निवासी गिरीश दूबे की पत्नी पान कुमारी (45) अपने बेटे सुमित के साथ मिर्जापुर गई थी। गुरुवार सुबह वह बेटे के साथ बाइक से घर लौट रही थी। उगापुर के आगे नहर के पास बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे पान कुमारी सड़क पर गिर गई। इसी दौरान भदोही से मिर्जापुर जा रहे एक ट्रक की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि सुमित घायल हो गया। जब तक आसपास के लोग पहुंचते चालक ट्रक छोड कर भाग गया। इससे भदोही-मिर्जापुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। मौके पर कोतवाल सुनील दत्त दूबे ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। आधे घंटे बाद यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी। वहीं, हादसे की खबर लगते ही मृत महिला के घर के लोग आ गए।