भदोही। विदेश मंत्रालय ने भदोही के आमिर अंसारी को नौकरी का सब्जबाग दिखाकर धोखाधड़ी कर दुबई भेजने के मामले को गंभीरता से लेते हुए यूपी पुलिस से तीनों ट्रैवेल एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज कर अवगत कराने का निर्देश दिया है। औराई थाना क्षेत्र के कुरौना गांव निवासी आमिर दुबई में साढ़े पांच माह तक रह कर विदेश मंत्रालय और दुबई में भारतीय उच्चायुक्त के सहयोग से स्वदेश लौटने में कामयाब हो गया है।
गत दिसंबर में कुरौना के ही तीन ट्रैवेल एजेंटों जफरुद्दीन, शकील और मो. अतहर ने दुबई में नौकरी के नाम पर 1.10 लाख लेकर दो साल का वीजा बताकर आमिर को दुबई ले गए थे। वहां जाकर जब आमिर को पता चला कि उसका वीजा टूरिस्ट है और मात्र एक महीने का है तो वह सन्न रह गया। इस बीच दुबई इंटेलिजेंस ने उसे गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। इतना होने के बाद आमिर के माता-पिता ने पुलिस कप्तान सहित विदेश मंत्रालय को धोखाधड़ी के बारे में अवगत कराते हुए बेटे को वहां से निकालने की गुहार लगाई। पिता शाहिद अली ने बताया कि विदेश मंत्रालय के हस्तक्षेप और दुबई उच्चायुक्त के सहयोग से साढ़े पांच महीने के बाद उसका बेटा स्वदेश वापस लौट सका है। इस बीच पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के अंडर सेक्रेट्री, आरए मीना ने यूपी पुलिस के डीजीपी को पत्र भेज कर मामले में मानव तस्करी से जुड़े बिंदुओं की तहकीकात कर आरोपी तीनों ट्रैवेल एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। यह भी कहा है कि क्या कार्रवाई हुई, इस बारे में मंत्रालय को भी अवगत कराया जाए।