सीतामढ़ी। कोइरौना थाना क्षेत्र के नारेपार (बनिया का तारा) गांव की ग्राम पंचायत सदस्य शिवकुमारी (53) पत्नी श्यामबली सिंह की मध्य प्रदेश के रीवा में रविवार को भोर में हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई जबकि कार में सवार परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। सभी लोग कार से मां शारदा देवी के दर्शन-पूजन के लिए मैहर जा रहे थे।
मैहर से करीब 50 किलोमीटर पहले रीवा जिले में बेला-सतना मोड़ के पास तड़के तीन बजे एक बेकाबू ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में शिवकुमारी सिंह की मौत हो गई जबकि कार में सवार उनकी नई नवेली बहू नीलम सिंह, पुत्र सुजीत सिंह, बेटी तारा सिंह, दामाद संतोष सिंह, सात वर्ष की पौत्री वर्षा सिंह, पड़ोसी सूरज सिंह, कार चालक डंगहर मिर्जापुर निवासी अवधेश सिंह घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को इलाज के लिए इलाहाबाद लाया गया है। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।