भदोही। भदोही महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को आयोजित दिव्यांग मैराथन में उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश की टीमों ने भाग लिया। इसमें दिल्ली के चेतन उपाध्याय ने बाजी मारी। दूसरे और तीसरे स्थान पर भी दिल्ली के ही क्रमश: सोनू गुप्ता और आमिर खान रहे। दो किलोमीटर की मैराथन को इंदिरा मिल चौराहे पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने हरी झंडी दिखाई, जो भिखारीपुर मैदान के पास समाप्त हुई।
ट्राइसाइकिल पर सवार दिव्यांगों का मैराथन देखने के लिए सड़क के दोनों तरफ भारी भीड़ लग गयी थी। वहीं नव निर्मित ओवरब्रिज पर भी दर्शकों का जमावड़ा था। सुरक्षा के दृष्टिगत भदोही, सुरियावां और दुर्गागंज थाने की पुलिस और भदोही क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान फिल्म निर्माता निर्देशक कृष्णा मिश्रा, डॉ. एके गुप्ता, आरसी त्रिपाठी, डॉ. आर के पटेल, डॉ शैलेश पाठक, जय कुमार सिंह, जाबिर बाबू आदि लोग मौजूद रहे।
वहीं, मूंसीलाटपुर स्थित जिला स्टेडियम में दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता हुई। उद्घाटन करते हुए पुलिस अधीक्षक सचींद्र पटेल ने कहा कि ट्राइसाइकिल पर बैठकर बॉलिंग और बैटिंग करना वास्तव में आश्चर्य चकित करने वाला है दिव्यांग खिलाड़ियों ने दिखा दिया कि वे किसी से कम नहीं हैं। इस दौरान एसपी ने दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से खेल रहीं टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद बैटिंग कर मैच का उद्घाटन किया। दिव्यांगों का मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जहां डटे रहे।