औराई। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि भदोही मखमली कालीनों संग हर मामले में सूबे में अव्वल हो रहा है। भदोही रोजगार परक जिला है। केंद्र और प्रदेश सरकार अधिक से अधिक लोगों को रोजगार सृजन के लिए कई योजनाओं से ऋण मुहैया करा रही है। वह शनिवार को औराई ब्लॉक परिसर में आजीविका दिवस कौशल विकास मेला में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि लोगों की मेहनत से दुग्ध उत्पादन, सरसो उत्पादन में पहले ही जिला सूबे में अव्वल हो चुका है। जिले से शुरू हुई सरकार आपके द्वार योजना देश भर में लागू की गई है। अब यहां जल संरक्षण की मुहिम भी प्रभावी ढंग से चल रही है। औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर ने कहा कि सरकार हर गरीबों को 2022 तक घर मुहैया कराएगी। देश के हर मजरे में बिजली पहुंच चुकी है। उज्ज्वला योजना के साथ आधी आबादी धुएं से निजात पा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो वादा किया उसे पूरा किया। डीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि 14 अप्रैल से पांच मई तक 21 दिन का महापर्व मनाया गया। जिसमें लोगों को लाभान्वित किया गया। उन्होंने बताया कि जिले में 732 समूहों को रिवाल्विंग फंड दिया गया है और 97 समूहों को बैंक से लिक कराया गया। इस दौरान 11 समूहों को रिवाल्विंग फंड के स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया।
कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षण लेने वाले 1326 लाभार्थी को ऋण मुहैया कराया गया। 10 लाभार्थियों को जॉब आफर लेटर दिया गया। जिसमें भाष्कर शुक्ल, मोहन लाल बिंद, चन्द्रेश कुमार, दीपक कुमार, अनिरुद्ध कुमार पाठक, संतोषी देवी, फूलदेई, रामजीत यादव, प्रेमराज बिंद, राजकुमार बिंद शामिल रहे। इसी तरह सेवायोजन विभाग की ओर से एक निजी कंपनी ने 32 युवाओं को नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र दिया। मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह ने कहा कि रोजगार सृजन के लिए प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को मुद्रा बैंक समेत अन्य योजनाओं के माध्यम से ऋण मुहैया कराया जा रहा है। इस मौके पर राकेश द्विवेदी, पीडी आरएन सिंह, सांसद प्रतिनिधि शैलेंद्र दूबे, नागेंद्र सिंह आदि रहे।