वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में कुलसचिव पर लगाए गए दुर्व्यवहार के आरोप के लिए कुलपति के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी गई है। शुक्रवार को विश्वविद्यालय खुलने के बाद एजेंसी कर्मियों के एक माह के वेतन के लिए प्रक्रिया आरंभ हो गई। हालांकि हंगामे की आशंका के चलते मुख्य द्वार पर पुलिस बल तैनात रही।
गुरुवार को मानदेय भुगतान के लिए कुलसचिव कार्यालय पहुंचीं आउटसोर्सिगिं पर कार्यरत महिला सफाई कर्मचारियों ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। उन्होंने हंगामा करने के साथ ही कुलपति से इसकी शिकायत की थी। कुलपति प्रो. यदुनाथ प्रसाद दूबे ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच कमेटी का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस दिशा में कोई कार्रवाई की जाएगी। कुलसचिव का मोबाइल स्वीच्ड आफ होने की वजह से उनका पक्ष नहीं मिल सका। इंस्पेक्टर चेतगंज का कहना है कि मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। हंगामे की सूचना के कारण मौके पर पुलिस को तैनात किया गया है। चीफ प्राक्टर से भी विश्वविद्यालय में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए बातचीत की गई है।