वाराणसी। चेतगंज वार्ड के पार्षद पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने वाराणसी समेत तीन जिलों की सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए तिथियां तय कर 26 दिसंबर को मतदान कराने का निर्देश दिया है। मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
चेतगंज वार्ड नंबर 28 से पार्षद पद के कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कुमार श्रीवास्तव की 21 नवंबर को मौत हो गई थी। इसी प्रकार मऊ में अमिला वार्ड से भाजपा प्रत्याशी उषा और गाजियाबाद में नगर पालिका लोनी के वार्ड संख्या 38 से उम्मीदवार महकार सिंह की मौत हो गई थी। इनके मान्यता प्राप्त दल के प्रत्याशी होने की वजह से संबंधित वार्डों का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। अब इन तीन सीटों के लिए अलग से अधिसूचना जारी की गई है। 11 दिसंबर तक नामांकन किया जा सकता है और 12 को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 14 दिसंबर को नाम वापसी और 15 को चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। 26 दिसंबर को मतदान और 28 दिसंबर को मतगणना कर परिणाम की घोषणा की जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) आरआर वर्मा ने बताया कि जो लोग नामांकन कर चुके हैं उन्हें दोबारा नामांकन करने की जरूरत नहीं है। इनके अलावा अन्य कोई प्रत्याशी चाहे तो नामांकन कर सकता है।