वाराणसी। सिगरा थाना अंतर्गत पितरकुंडा में सोमवार को करेंट की चपेट में आने से मुर्गा विक्रेता पिंटू अहमद (38) की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोग बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौके पर जुटने लगे। सूचना पाकर तीन थानों की फोर्स के साथ पहुंचे सीओ चेतगंज ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पितरकुंडा निवासी पिंटू अहमद की मोहल्ले में लगे एक ट्रांसफार्मर के पास मुर्गे बेचने की दुकान है। इलाकाई लोगों के अनुसार सोमवार की सुबह वह दुकान की सफाई कर रहा था, इसी दौरान ट्रांसफार्मर के पास बिजली के खुले तार में उतर रहे करेंट की चपेट में आ गया। पिंटू की चीख पर आसपास के लोग भाग कर आए और किसी तरह उसे छुड़ाकर नजदीक के अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने पिंटू को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इसी दौरान पिंटू की मौत हो गई। परिवारीजन शव लेकर घर आए तो लोग आक्रोशित हो उठे। उनका आरोप था कि दो दिन पहले ही ट्रांसफार्मर बदला गया था। बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से उसी ट्रांसफार्मर के तार की चपेट में आने से पिंटू की मौत हुई है।