लंका में मकान और मिर्जामुराद में स्कूल से चोरी
वाराणसी/कछवा रोड। लंका और मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में चोरों ने रविवार की रात एक मकान और सरकारी स्कूल को निशाना बनाया। इस दौरान चोर नगदी और जेवरात सहित हजारों रुपये के कीमती सामान चुरा ले गए। सोमवार को भुक्तभोगियों की सूचना पाकर पहुंची पुलिस महज मौका मुआयना तक ही सीमित रही।
लंका थाना अंतर्गत डाफी क्षेत्र की अशोकपुरम कॉलोनी की संध्या उपाध्याय के बंद मकान के गेट का ताला तोड़कर चोर 10 हजार रुपये नगद और 50 हजार रुपये से ज्यादा कीमत के जेवरात चुरा ले गए। संध्या ने बताया कि वह चार अगस्त को बैंगलोर गई हुई थी। लौटकर वापस आईं तो ताला टूटा हुआ और सामान अस्त व्यस्त मिले। उधर, मिर्जामुराद थाना अंतर्गत ठटरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के दो कमरे का ताला तोड़कर चोर टाटपट्टी, खेल सामग्री और अन्य सामान चुरा ले गए। सोमवार को स्कूल पहुंची प्रधानाध्यापिका रेनू गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी।