वाराणसी/बड़ागांव। मंडुवाडीह और बड़ागांव थाना क्षेत्र में रविवार को दो अधेड़ और युवक की मौत हो गई। एक अधेड़ ने फंदे पर झूलकर जान दे दी जबकि दूसरे की करेंट की चपेट में आने से मौत हो गई और युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना पाकर पहुंची इलाकाई थानों की पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंडुवाडीह थाना के चांदपुर इलाके में सरस्वती नगर कॉलोनी निवासी शीतला प्रसाद विश्वकर्मा (55) अपने बेटे और बेटी के साथ रहते हैं। बेटे शशि के अनुसार वर्ष 2011 में उसकी मां की मौत हो जाने के बाद पिता अवसादग्रस्त रहते थे। शनिवार की रात खाना खाकर शशि के पिता अपने कमरे में गए। रविवार की सुबह उनके कमरे में हलचल नहीं हुई तो बेटे-बेटी ने अंदर जाकर देखा। पता लगा कि टीनशेड के एंगल के सहारे लुंगी से शीतला प्रसाद लटक रहे थे। दूसरी घटना भी मंडुवाडीह थाना क्षेत्र की है। चंदौली का मूल निवासी पलटू (45) किराये के मकान में रहकर राजगीर का काम करता था। शनिवार की रात सोते समय वह टेबल फैन में उतरे करेंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। तीसरी घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र की है। अहरक (महदेपुर) निवासी राहुल (19) का शव शनिवार की रात गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर मिला। परिवारीजनों का आरोप है कि राहुल की हत्या की गई है। पुलिस राहुल का मोबाइल लेकर मामले की पड़ताल कर रही है और तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दी है।
---------
बाबतपुर और लोहता में मिले वृद्ध और अधेड़ के शव
बाबतपुर/लोहता। फूलुपर और लोहता थाना क्षेत्र में रविवार को एक वृद्ध और अधेड़ का शव मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाबतपुर पुराने एयरपोर्ट रोड स्थित यात्री शेड के पास रविवार की सुबह एक वृद्ध का शव मिला। पुलिस के अनुसार वृद्ध की शिनाख्त नहीं हो सकी है और उसकी उम्र तकरीबन 65 वर्ष से ज्यादा है। वृद्ध सफेद पाजामा और शर्ट पहने हुआ था और उसकी जेब से बलिया के बेलथरा से वाराणसी तक का रेलवे टिकट मिला है। उधर, लोहता थाना क्षेत्र के केराकतपुर स्थित देशी शराब ठेके पर भट्ठी निवासी सच्चाराम यादव (48) ने शराब पी। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया तो उसके दोनों दोस्त भाग निकले। आसपास के लोगों ने सच्चाराम के घर पर सूचना दी तो उसकी पत्नी मालती और दो बेटे रंजीव व संजय मौके पर पहुंचे। तब तक सच्चाराम की मौत हो चुकी थी।