नई सड़क स्थित एक होटल में रुके पटना निवासी युवक के साथ कर्मचारियों ने मारपीट की। प्रकरण को लेकर पीड़ित की तहरीर के आधार पर होटल के कर्मचारियों के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पटना निवासी आशीष कुमार ने बताया कि वह बीते छह जुलाई को घूमने के लिए वाराणसी आए थे। उन्होंने नई सड़क स्थित एक होटल में कमरा लिया था। शुक्रवार की रात चेक आउट के लिए वह रिसेप्शन पर पहुंचे। वहां होटल स्टॉफ शुभम गुप्ता और भाष्कर गुप्ता ने मारपीट की। लक्सा थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर शुभम गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
धर्म परिवर्तन की सूचना पर शनिवार को उसराशहीद (पिंडरा) में हिंदू संगठन से जुड़े लोग पहुंचे। नेतृत्व कर रहे गौरीश सिंह ने बताया कि उनके आने की भनक लगने पर धर्म परिवर्तन कराने वाले लोग भाग निकले। उन्होंने बताया कि एक हिंदू परिवार के धर्मांतरण की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों के साथ उक्त परिवार के घर हम लोग पहुंचे। बातचीत कर चेतावनी दी गई कि पिंडरा क्षेत्र में धर्मांतरण नहीं होने दिया जाएगा। उक्त परिवार द्वारा हिंदू धर्म में आस्था व्यक्त करते रहने की बात कही गई।
खिल्लूपुर अमिलहाडीह मंदिर के महंत शंभूनाथ बाबा ने जंसा थाने की पुलिस को एक नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि गांव निवासी एक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ शुक्रवार की देर शाम मंदिर पहुंचा। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे पौधों को उखाड़ने लगा। विरोध करने पर उसने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी।