वाराणसी। भीषण गर्मी के बीच शहर के कई इलाकों में पानी का संकट गहरा गया है। समय पर और समुचित जलापूर्ति न होने से लोग व्याकुल हैं। गंगा के जलस्तर में कमी के चलते समस्या और गहरा गई है। लोग समस्या बताने जलकल और जलनिगम पहुंच रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पक्का मोहाल में लो प्रेशर के चलते लोगों को रोजमर्रा की जरूरत तो दूर पीने का पानी भी मयस्सर नहीं हो रहा है। गंगा के जलस्तर में गिरावट के चलते केवल दो पंप ही चल पा रहे हैं। इससे गंगा के पानी की सप्लाई वाले इलाकों में संकट गहरा गया है।
प्रभावित इलाके
कालभैरव, गायघाट, दशाश्वमेध, राजघाट, खोजवां, भदैनी, सिगरा, लल्लापुरा, भेलूपुर सहित आसपास के इलाके। वरुणा पार के पाडंयेपुर, शिवपुर, नटिनियादाई, लालपुर, खजुरी, अर्दलीबाजार, चौकाघाट, यूपी कॉलेज के आसपास क्षेत्रों में भी पानी की समस्या।
ठीकरा बिजली विभाग पर
भेलूपुर में बिजली सप्लाई लगातार बाधित हो रही है। इसके चलते समस्या पैदा हो रही है। - आर. कैलाश, अधिशासी अभियंता, जलकल
शहर को पानी की जरूरत- 276 एमएलडी
आपूर्ति- 120 एमएलडी से भी कम
रोजाना प्रतिव्यक्ति पानी की जरूरत-135 लीटर
आपूर्ति- 60 लीटर लगभग
शहर क्षेत्र की आबादी-16 लाख
वरुणापार-
पेयजल की जरूरत- 80 एमएलडी
पेयजल की आपूर्ति- 40 एमएलडी से भी कम
वरुणापार की आबादी -पांच लाख लगभग