बारातियों से भरी बस ट्रक से भिड़ी, 48 घायल
भदोही। जीटी रोड पर मेघीपुर गांव के समीप शुक्रवार की रात करीब दो बजे बारातियों से भरी बस और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। इसमें दोनों वाहनों के चालक और खलासी समेत बस में सवार 48 लोग घायल हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को औराई सीएचसी और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। इनमें नौ लोगों की हालत चिंताजनक देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।
मिर्जापुर के सीखड़ निवासी गोविंद कोरी के बेटे कमलेश की शादी के लिए बारात शुक्रवार को औराई थानाक्षेत्र के मेघीपुर गांव निवासी सबलू कोरी के घर आई थी। बताते हैं कि द्वारचार के बाद बारात जनवासे में चली गई। लेकिन, खाने को लेकर थोड़ा विलंब हो गया। बाराती खाने का इंतजार कर रहे थे। कुछ बारातियों को रात में ही जाना था तो कुछ लोगों को रुकना था। खाने में विलंब को लेकर बारातियों और घरातियों में विवाद हो गया। इससे तमाम बाराती नाराज होकर जनवासे में चले। इसी बीच कुछ बारातियों ने घर जाने का फैसला ले लिया और बस पर बैठकर रात 1.45 बजे सीखड़ के लिए रवाना हो गए। दो बजे के आसपास बारात मेघीपुर गांव के सामने हाईवे पर पहुंची। बस को जीटी रोड पार कर उत्तरी लेन पर जाना था, लेकिन मोड़ पर कट न होने की वजह से दक्षिणी लेन से ही बस चालक वाराणसी की ओर चल दिया। आगे के कट से मुड़कर वह उत्तरी लेन पर हो जाता। बताया जाता है कि बस की एक ही हेडलाइट जल रही थी। इसी बीच वाराणसी से इलाहाबाद की तरफ जा रहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। इसमें 48 बाराती घायल हो गए। इनमें से 21 घायलों को औराई सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें से नौ लोगों को चिकित्सक ने वाराणसी ले जाने की सलाह दे दी।
घायल बाराती...
मिर्जापुर के सीखड़ निवासी जवाहर मौर्या 31, प्रमोद कोरी 8, ऋषभ मौर्या 10, बलिराम मौर्या 30, अमन मौर्या 11, अखंडू यादव 35, मो. पप्पू 35, रवि 13, मोहित 7, राहुल 16, शुभम 45, अभय 58, सीताराम 30, सुमन 12, रामचंदर 40, पन्ना मौर्या 60, धर्मराज यादव 25, राजन 32, बहादुर शर्मा 30, लालजी 25, रतन कुमार 22, बंधू लाल 28, अरविंद 25, आसिफ 13, विनोद 18, देवराज 30, जितेंद्र 42, मिर्जापुर के लालपुर चुनार निवासी अनिल यादव 35, राजकुमार 30, चुनार निवासी इस्माइल 30, कछवां निवासी भगवानदास 52, पड़री निवासी बबलू 28, लालता 60, वाराणसी के मनियार निवासी हरिशंकर गुप्ता, चांदपुर निवासी मुस्तफा 25, मुख्तार हाशमी 45, मिर्जापुर के गोरसंडी गांव निवासी निखिल 12, रघईपुर विंध्याचल निवासी दुखरन 12, बोड़िया चुनार निवासी सुभाषचंद्र 28, बिट्ठलपुर चुनार निवासी अजय 12, ट्रक चालक इड़ारू सिकंदरा कानपुर निवासी विजेंद्र 22 और खलासी अनूप 30, बस चालक अनिल यादव 35।