बरामदे में सोई बालिका से गैंगरेप
लाटघाट (आजमगढ़)। रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात बरामदे में अकेले सो रही पांच वर्षीय बालिका के साथ तीन युवकों ने गैंग रेप किया। मां को घटना की जानकारी भोर में तीन बजे पड़ोसी के घर की शादी में से लौटने पर हुई। पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया। शक के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है।
रौनापार क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात एक व्यक्ति के यहां शादी थी। पड़ोसी का पूरा परिवार शादी में शामिल था। रात मेंभोजन के बाद पड़ोस की महिला अपनी पांच वर्षीय बेटी को अपने घर के बरामदे में सुला कर पुन: शादी में चली आई। भोर में करीब तीन बजे वह घर लौटी तो बेटी को कराहते देखा। उसे रक्तस्राव हो रहा था। बेटी से घटना की जानकारी लेने के बाद परिवार के लोग पीड़ित बच्ची को लेकर शनिवार की सुबह थाने पहुंचे। बालिका से रेप की सूचना पर एसपी ग्रामीण और सीओ भी वहां पहुंच गए।
अधिकारियों की मौजूदगी में तीन अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने पीड़ित बच्ची को मेडिकल मुआयने के लिए भेज दिया। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तीन अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज है। शक के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची आरोपियों को पहचानती है। इसलिए उसके स्वस्थ होने का इंतजार किया जा रहा है।