बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार की शाम आधा किलो सोना के साथ पकड़े गए यात्री को जांच के बाद छोड़ दिया गया। हालांकि सोना को जब्त कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है। यात्री संजीव शनिवार की सुबह ही बैंकॉक से इंडिगो के विमान से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा था और फि र वह शाम को इंडिगो के विमान से दिल्ली जाने की तैयारी में था। जांच के दौरान सोने के साथ उसे पकड़ लिया गया।
दिल्ली जाने से पूर्व उसने चेकइन किया और फिर वॉशरूम गया। निजी अंग में छिपाकर रखे गए सोने को निकाल कर अपने बैग में रख लिया। बोर्डिंग के लिए गया तो वहां पर सेकेंडरी लीडर पॉइंट चेक के दौरान इंडिगो एयरलाइंस के सिक्योरिटी स्टाफ ने उसे सोने के साथ पकड़ लिया। उसके बाद जांच कर कस्टम अधिकारियों को सौंप दिया। अधिकारियों ने उसे वाराणसी ले जाकर मेडिकल जांच कराई, ताकि यह पता चल सके कि कहीं और सोना तो नहीं छिपा है। पकड़े गए सोने का विभाग ने मूल्यांकन कराया। इसके बाद यात्री को एयरपोर्ट पर लाया गया जहां कस्टम द्वारा उसे जांच की सारी प्रक्रिया को पूरा करके चार गोल्ड बार को कब्जे में ले लिया गया। कस्टम की जांच की प्रक्रिया को पूरा करके छोड़ दिया गया। यात्री संजीव फिलहाल मुंबई के उल्हासनगर में रहता है। पहले यह फूलपुर क्षेत्र में रहता था।
कस्टम के अधिकारियों का कहना था कि यात्री गोल्ड के साथ पकड़ा गया है जिसका वजन लगभग 562 ग्राम है। इसका अनुमानित मूल्य लगभग 18 लाख 56 हजार है। 20 लाख से कम के वैल्यू का गोल्ड होने के कारण यात्री को जांच प्रक्रिया के बाद छोड़ दिया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जो भी इस रैकेट में शामिल होगा उनसे पूछताछ की जाएगी। कोर्ट की कार्रवाई के बाद ही जो होगा किया जाएगा। इसपर पेनाल्टी लगाया जाएगा या सजा भी हो सकता है। उनका कहना था कि यात्री ने माना कि वह सोना ले आया था। सोना लाने, ले जाने के लिए उसे खाने पीने के साथ फायदे में हिस्सा दिया जाता है। अधिकारियों ने यह भी बताया की उसे कारण बताओ नोटिस भी भेजा जाएगा।