शिवपुर। यूपी कॉलेज के छात्र विवेक सिंह की हत्या की साजिश रचने के आरोपियों में से एक एमए प्रथम वर्ष के छात्र अतुल पांडेय को पुलिस ने शिवपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेजा। यूपी कॉलेज के पीजी हॉस्टल के रूम नंबर पांच में रहने वाला अतुल चंदौली जिले के सहाबगंज थाना के भुसीकृत पुरवा गांव का मूल निवासी है।
24 फरवरी की रात यूपी कॉलेज के पीजी हॉस्टल के समीप बीकॉम के छात्र विवेक सिंह को गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। प्रकरण को लेकर यूपी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री अनुपम नागवंशी उर्फ कुंदन सहित पांच पर मुकदमा दर्ज किया गया था। सीओ कैंट एएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि तीन मार्च को अभिषेक मिश्रा और हिमांशु तिवारी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया गया था। सोमवार की देर रात थानाध्यक्ष शिवपुर विश्वनाथ प्रताप सिंह को सूचना मिली कि वारदात की साजिश रचने के आरोपियों में से एक अतुल पांडेय शिवपुर बाईपास स्थित एक ढाबा के समीप मौजूद है। इस सूचना पर थानाध्यक्ष शिवपुर ने देवाशीष सिंह, अजय सिंह और मनीष सिंह के साथ घेरेबंदी कर अतुल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अतुल ने स्वीकार किया कि विवेक की हत्या के दौरान वो घटनास्थल पर मौजूद था। इसके साथ ही जब अनुपम ने विवेक की हत्या की साजिश रची तो उस दौरान भी वो मौजूद था। वारदात में वांछित अनुपम नागवंशी सहित छह अन्य की तलाश के लिए दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं।