वाराणसी। छावनी क्षेत्र स्थित वायु सेना प्रवरण बोर्ड परिसर में घुसे युवक को पकड़ कर कैंट पुलिस को सौंपा गया। वायु सेना की खुफिया इकाई और कैंट पुलिस द्वारा 12 घंटे से ज्यादा समय तक की गई पूछताछ में सामने आया कि सोनिया निवासी राजू पटेल नशेड़ी किस्म का है और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। बुधवार को राजू को जेल भेज दिया गया।
वायु सेना परिसर की चहारदीवारी फांद कर मंगलवार की देर शाम राजू ने अंदर प्रवेश किया। चहारदीवारी के कटीले तारों में फंसने के कारण राजू के पैर घायल हो गए तो वह बैठ गया। इसी दौरान सीसी कैमरे में राजू की गतिविधियां कैद हुई तो उसे पकड़ लिया गया। घंटों की पूछताछ के बाद वायुु सेना के सिक्योरिटी आफीसर विंग कमांडर पीएनएस शिव की तहरीर पर कैंट थाने में राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया राजू कभी खुद को अहमदाबाद निवासी बता रहा था तो कभी फेरी लगाकर कपड़े बेचने की बता कह रहा था। उसके पास से न कुछ बरामद हुआ और न कोई महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी। वायु सेना के अधिकारियों की पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।