वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर कोटे को लेकर हुए विवाद में अपनों को लाभ पहुचाने का मामला सामने आया है। इसमें तीन कर्मचारियों को चार्जशीट दिया गया व एक वरिष्ठ अधिकारी को मुख्यालय तलब किया गया।
रेल मंत्रालय और बोर्ड के अधिकारियों को निर्देशों को दरकिनार करते हुए कैंट रेलवे स्टेशन पर अपने लोगों को कोटे का फायदा पहुंचाया जा रहा है। यह मामला तब प्रकाश में आया जब कोटे को लेकर रेल कर्मचारियों में आपस में जमकर विवाद हो गया। सूत्रों की मानें तो मारपीट भी हुई। मामले ने इस प्रकार तूल पकड़ा कि उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल होते हुए मुख्यालय के अधिकारियों तक यह बात पहुंची। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षण व कोटा के साथ-साथ स्टेशन निदेशक कार्यालय में अटैच एक-एक कर्मचारी को चार्जशीट किया गया। वहीं स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी को दिल्ली मुख्यालय तलब किया गया। इस बाबत एडीआरएम वाराणसी रवि प्रकाश चतुर्वेदी ने कहा कि किसी को चार्जशीट नहीं दी गई है। बाकि अनुशासन बनाए रखने के लिए अधिकारियों का आना जाना लगा रहता है।