वाराणसी। सीरगोवर्धनपुर निवासी इंटरमीडिएट केे छात्र अमित यादव की हत्या के खुलासे के करीब पुलिस पहुंच गई है। इस प्रकरण में लंका पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार वारदात का कारण आशनाई का विवाद है। इसे लेकर अमित व उसके पिता और आरोपियों के बीच पूर्व में विवाद भी हुआ था। संभावना जताई गई है कि सोमवार को पुलिस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेज देगी।
बीएचयू पुलिस चौकी के पीछे अमित का शव शुक्रवार की सुबह पड़ा मिला हुआ था। अमित का गला साइकिल की ट्यूब से कस कर उसकी हत्या की गई थी। इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका ने बताया कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द ही पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।