वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के रेड जोन में वीडियो रिकार्डिगिं और उसे फेसबुक के काशी विकास समिति कम्यूनिटी पेज से पोस्ट करने के मामले में एसएसपी ने एसपी सुरक्षा को प्रकरण की जांच सौंप कर अविलंब रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। उधर, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम ने भी रेड जोन की सुरक्षा व्यवस्था की गोपनीयता भंग होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए तफ्तीश कर रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भेजी है।
फेसबुक पर बीते 10 मई को काशी विकास समिति कम्यूनिटी पेज बनाया गया है। छह अगस्त की रात 11:18 बजे इस कम्यूनिटी पेज से फेसबुक पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के रेड जोन का 13 सेकेंड का वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में पांच अगस्त की रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आगमन के दृश्य की वीडियो रिकार्डिगिं की गई थी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से अति संवेदनशील काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र के रेड जोन में वीडियो रिकार्डिगिं किए जाने और उसे फेसबुक पर पोस्ट किए जाने के संबंध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बुधवार को कहा कि एसपी ज्ञानवापी सुरक्षा को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। वो बताएं कि किसने वीडियो रिकॉर्डिगिं की और उसे फेसबुक पर पोस्ट किया। काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।