ज्ञानपुर। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से तैयारी तेज कर दी गई हैं। सीडीओ ने सभी बीडीओ और विभागीय अधिकारियों को दफ्तरों की साफ-सफाई, कानून व्यवस्था और फाइलों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। वहीं, एसपी ने पुलिस अधिकारियों के पेच करते हुए कानून व्यवस्था दुरुस्त करने और हर समय अलर्ट रहने को कहा है।
मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर ने सभी अधिकारियों पत्र भेजकर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे के मद्देनजर कार्यालयों की साफ-सफाई और अभिलेखों को तत्काल दुरुस्त कराएं। दफ्तरों में कहीं भी पान की पीक हो तो उसे साफ कराएं। पेयजल की व्यवस्था, शिकायतकर्ताओं के बैठने कस स्थान तय हो। जनता दर्शन में शिकायतें सुनें और उसके रजिस्टर की व्यवस्था, अभिलेखों का समुचित रखरखाव, आलमारियों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि दो दिनों के अंदर व्यवस्था दुरुस्त डीएम और उनके कार्यालय को जानकारी दें। वहीं, पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल शनिवार की देर रात थानाध्यक्षों और क्षेत्राधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। एसपी ने सभी को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभी से तैयारी शुरू कर दें और हर समय अलर्ट रहें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।