वाराणसी। मैदागिन से चौक के बीच वाहनों के भारी दबाव को देखते हुए अब मणिकर्णिका घाट पर शव के अंतिम संस्कार के लिए भैसासुर घाट से जाना होगा। भैसासुर घाट पर शव जल वाहिनी से शव मणिकर्णिका घाट तक ले जाने और फिर वापस आने की नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी।
एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने बुधवार को बताया कि नई व्यवस्था के तहत 10 मई से रोजाना सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक मैदागिन की तरफ से शव लेकर कोई भी मणिकर्णिका घाट तक नहीं जा सकेगा। भैंसासुर घाट पर पार्किगिं की पर्याप्त व्यवस्था है। जो भी लोग शव लेकर आएं वो भैंसासुर घाट पर अपने वाहन खड़ें करें और शव जल वाहिनी में बैठकर मणिकर्णिका घाट तक जाएं। शव का अंतिम संस्कार करने के बाद शव जल वाहिनी में बैठ कर वापस भैंसासुर घाट आएं और फिर अपने वाहन से गंतव्य की ओर निकल जाएं। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि इस व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।