वाराणसी। बीएचयू परिसर का माहौल शांत हुए चौबीस घंटा भी नहीं बीता था कि यहां के पूर्व छात्रों के दो गुटों के बीच शुक्रवार को लंका स्थित चाय की एक दुकान के समीप जमकर मारपीट हुई। मारपीट में एक गुट के शैलेंद्र शेखर सिंह को चोट आई है और उसका उपचार बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में कराया गया। लंका थाने पर दी गई तहरीर में शैलेंद्र शेखर ने बीएचयू स्थित सर सुंदर लाल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओपी उपाध्याय पर खुद को सुमित सिंह उर्फ पिंटू, आकाश पांडेय और दस अज्ञात लोगों से पिटवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों नामजद और दस अज्ञात के खिलाफ लूट, बलवा, मारपीट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आजमगढ़ के मेहनाजपुर थाना अंतर्गत डडवल के मूल निवासी शैलेंद्र ने बताया कि वह दोपहर में लंका क्षेत्र स्थित अपने आवास के समीप एक चाय की दुकान पर दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान तकरीबन 10 से 12 युवक हॉकी और रॉड से लैस होकर आए। इसके साथ ही सभी उस पर हमला कर दिए। इसके साथ ही उसकी सोने की चेन, दस हजार रुपये और घड़ी लूट ले गए। शैलेंद्र ने बताया कि बीएचयू में पढ़ाई के दौरान वह समस्याओं को लेकर आवाज उठाता रहता था इसी वजह से उस पर हमला किया गया है। इस संबंध में डॉ. ओपी उपाध्याय ने बताया कि वो शहर से बाहर पुणे में हैं। कहा कि जिस युवक ने आरोप लगाया है उसे मैं पहचानता भी नहीं तो उससे विवाद या मारपीट की नौबत कहां से आएगी। पूरी तरह से दुराग्रह से ग्रसित होकर साजिश रची गई है। उधर, लंका थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।