वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के मारुति नगर से रविवार को पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो लोग पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। गिरफ्त में आए लोगों के पास से पुलिस ने चोरी के चार लैपटॉप, राउटर, प्रोजेक्टर, तीन कैमरे, मोबाइल, टीवी, बाइक, 14 साड़ी, जेवरात और एक बोरा बर्तन सहित अन्य सामान बरामद कर सभी को जेल भेज दिया।
सीओ भेलूपुर एपी सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक लंका संजीव कुमार मिश्रा को मुखबिर से रविवार की सुबह सूचना मिली कि कुछ लोग काफी देरी से मारुति नगर स्थित एक प्लाट में मौजूद हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने अपनी टीम के साथ छापामारी की तो छह लोग गिरफ्तार हुए और दो मौके से भाग निकले। गिरफ्त में आए लोगों की शिनाख्त हरिओम नगर कालोनी के शुभम शर्मा, छित्तूपुर की शिवराज कालोनी के अंकित मौर्या उर्फ बिहारी, भगवानपुर के मारुति नगर के रीपू चौहान व दिनेश साहनी उर्फ लोढ़ा, मदरवां के उत्तम राजभर और मलहिया के तीरथ उर्फ तिलक के तौर पर हुई है। वहीं, पुलिस को चकमा देकर भाग निकलने वाले दो की शिनाख्त मलहिया के भोला और रोहित के तौर पर हुई है। सीओ भेलूपुर ने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपियों ने बताया कि वो लंका क्षेत्र के बंद मकानों की दिन में रेकी कर रात में चोरी करते थे। जो दो आरोपी मौके से भाग निकले हैं उनकी गिरफ्तारी के लिए एक टीम लगाई गई है।