बीएचयू में अंतर संकाय युवा महोत्सव स्पंदन की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। 12 से 16 मार्च तक चलने वाले इस उत्सव में कला, साहित्य, संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस बार एंफीथिएटर ग्राउंड पर निकलने वाली शोभायात्रा में स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत की झलक दिखेगी। इसके अलावा वसुधैव कुटुंबकम, गांव की उन्नति समेत छह अन्य मॉडल भी दिखेंगे।
विश्वविद्यालय परिसर में होने वाले इस उत्सव से पांच दिन तक माहौल बदला-बदला नजर आता है। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह और संयोजक जेके रॉय की देखरेख में एंफीथिएटर मैदान पर होने वाले मुख्य आयोजन सहित अन्य स्थानों पर तैयारियां चल रही हैं। महोत्सव में संकाय-संस्थान स्तर पर आयोजित युवा महोत्सव के दौरान हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलता है। अब जबकि आठ दिन ही बचा है, ऐसे में संकाय-विभाग स्तर पर प्रतिभागी रिहर्सल में जुट गए हैं।