वाराणसी। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं जिले के नोडल अधिकारी डा. रजनीश दुबे ने मंगलवार को विकास भवन में केंद्रीय परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अफसरों को तय समय पर काम पूरा कराने को कहा। कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी दी कि इन परियोजनाओं में समयसीमा किसी भी दशा में नहीं बढ़ाई जाएगी। कहा कि परियोजनाओं पर पैसे की जब कोई कमी नहीं है और शत-प्रतिशत धनराशि कराई जा जा चुकी है, तो निर्धारित अवधि में परियोजनाओं को पूरा कराएं। कहा कि अगले दौरे पर परियोजनाओं का स्थलीय सत्यापन करेंगे।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन विभिन्न फोरलेन सड़क, गेल द्वारा बिछाई जा रही गैस पाइप लाइन, हृदय योजना, रिंग रोड, वाराणसी-बाबतपुर मार्ग, आईपीडीएस, पेयजल एवं सीवरेज कार्यों के प्रगति की परियोजनावार समीक्षा की। आईपीडीएस के अधिकारी को निर्देशित किया कि सड़क पर कराए जा रहे कार्यों को अभियान चलाकर पूरा कराने को कहा। वाराणसी-बाबतपुर फोर लेन मार्ग के निर्माण कार्य को भी निर्धारित समय में पूरा कराने जाने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार वर्मा सहित सभी कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद थे।