वाराणसी। प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के संयोजन में पूर्वांचल व्यापारी महासम्मेलन का आयोजन सिगरा स्थित गुरुनानक भवन में किया गया। इसके मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कहा कि जीएसटी के नाम पर तो कभी मंडी शुल्क के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। कारोबारियों का उत्पीड़न बंद होना चाहिए। इसके साथ सुरक्षा का मुद्दा भी उठा।
प्रदेश सचिव बदरुद्दीन अहमद ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी की मार परेशान व्यापारियों का मंडी शुल्क के नाम पर भयादोहन किया जा रहा। अतिक्रमण के नाम पर भी परेशान किया जा रहा है। व्यापारियों ने कहा कि क्योटो का सपना दिखाकर काशी को कचरा पट्टी बनाया जा रहा है। जिलाध्यक्ष मुरली जायसवाल ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर कोई प्रबंध नहीं किया गया। हद तो यह है कि अब पत्रकारों पर भी आए दिन हमले हो रहे हैं और प्रशासन कुंभकर्णी नींद सो रहा है। संचालन संरक्षक संजय केशरी व मुरली जायसवाल ने किया। विषय स्थापना महेश माहेश्वरी व स्वागत संबोधन लल्ली चौधरी व धन्यवाद ज्ञापन शाहनवाज अहमद शानू ने किया। कार्यक्रम में मुन्ना सोनी, किशन जायसवाल, पूर्व पार्षद वरुण सिंह, मनीषा जैन, रुपेश वर्मा, रवि सिंह, दिलशाद अहमद, मुन्नालाल यादव, शोएब रिजवी, सालिकराम गुप्ता, प्रदीप आदि मौजूद रहे।