वाराणसी। जिले में चोरों का आतंक लगातार शनिवार की रात भी जारी रहा और पुलिस बेबस नजर आई। चोरों ने मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चार मकानों और आदमपुर थाना क्षेत्र की एक दुकान को खंगाला लेकिन इलाकाई पुलिस को भनक तक नहीं लगी। रविवार को भुक्तभोगियों की सूचना पर पहुंची पुलिस सिर्फ मौका मुआयना तक ही सीमित रही।
मंडुवाडीह थाना अंतर्गत जागृति नगर निवासी संजय कुमार सिंह एलआईसी में कार्यरत है। इनके घर में चोर छत के रास्ते कमरे में घुसे और वहां से मोबाइल फोन व पैंट की जेब में रखा दो हजार रुपये चुरा ले गए । इसके बाद पड़ोस के हीरा लाल सोनकर का मोबाइल चुरा ले गए। इसके बाद पड़ोसी राजेश यादव के घर में चोर घुसे लेकिन चुराने लायक कुछ नहीं मिला तो पूरा सामान तितर-बितर कर दिए। थोड़ी दूर जाकर चोर डॉ. विनोद कुमार शर्मा के घर में घुसे और पैंट में रखे पंद्रह सौ रुपये चुरा लिए। उधर, आदमपुर थाना अंतर्गत भैसासुर-प्रहलाद घाट मोड़ स्थित मन्ना की स्क्रैप की दुकान में चोर पीछे के रास्ते से घुसे। नया महादेव निवासी दुकानदार मन्ना के अनुसार चोर तराजू, हजारों रुपये नगद सहित हजारों रुपये मूल्य का स्क्रैप चुरा ले गए हैं।