वाराणसी। बीएचयू के राजाराम हॉस्टल में रहने वाले छात्र शशांक सिंह ने बुधवार को लंका थाने में लालबहादुर शास्त्री हॉस्टल के चार नामजद और एक अज्ञात छात्र के खिलाफ विभिन्न आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। शशांक का आरोप है कि पांचों असलहे के बल पर उसे जबरन भेलूपुर स्थित एक होटल में रखे और फिर छोड़ दिए। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई।
शशांक ने बताया कि वह मंगलवार की रात बीएचयू स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप टहल रहा था। इसी दौरान एक कार में सवार होकर राजबहादुर सिंह उर्फ राज, शेखर सिंह, शुभम पांडेय, लक्ष्मीनारायण और एक अज्ञात उसके समीप आए। पांचों ने उसे अचानक रिवाल्वर सटा दी और कार में बैठा लिए। इसके बाद सभी उसे भेलूपुर स्थित एक होटल में ले गए और रात भर वहीं रखे रहे। पांचों के चंगुल से बुधवार की सुबह वह छूटा। वहीं, आरोपी छात्रों ने मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर लंका थानाध्यक्ष से मुलाकात की और उनके सामने अपना पक्ष रखा।