वाराणसी। डीरेका स्थित तरणताल में शुक्रवार को तैराकी सीखने के दौरान 11वीं के छात्र हर्षित यादव उर्फ प्रिंस (16) की डूबने से मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हर्षित के दोस्तों का कहना था कि यदि मौजूद तीन लाइफ गार्ड्स ने तत्परता दिखाई होती तो शायद उसे बचाया जा सकता था। मगर, किसी ने सक्रियता नहीं दिखाई और हर्षित के पिता के पहुंचने और उनके बार-बार कहने के बाद सभी तरणताल में उतरे।
मंडुवाडीह थाना अंतर्गत नईबस्ती जलालीपट्टी नाथूपुर निवासी डीरेका कर्मी ओमप्रकाश यादव का इकलौता बेटा हर्षित अपने दोस्तों के साथ शुक्रवार की शाम तरणताल में दोस्तों के साथ तैराकी सीखने गया था। तैराकी सीखने के दौरान ही हर्षित तलहटी में चला गया और ऊपर नहीं आया। साथ मौजूद उसके दोस्तों ने लाइफ गार्ड्स को बताया तो लगभग एक घंटे बाद शव को बाहर निकालकर डीरेका अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पाकर पहुंचे पड़ोसियों ने बताया कि तीन बहनों का इकलौता भाई हर्षित डीरेका स्थित केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र था और इसी वर्ष मई में तरणताल में तैराकी का प्रशिक्षण लेने के लिए दाखिला लिया था। उधर, हर्षित की मौत की जानकारी मिलते ही मां सुनीता यादव अचेत हो गई और पिता ओमप्रकाश का रो-रोकर बुरा हाल था।