वाराणसी। सामनेघाट पक्का पुल के निर्माण को हर हाल में 15 अगस्त तक पूरा करने का टारगेट दिया गया है। डीएम योगेश्वर राम मिश्रा ने सेतु निगम के अभियंताओं और ठेकेदारों को चेतावनी दी है कि अब इस तिथि तक काम पूरा न हुआ तो शासन मेें रिपोर्ट की जाएगी और कड़ी कार्रवाई होगी। डीएम रविवार को पुल का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
रामनगर-सामनेघाट मार्ग पर 97 करोड़ 72 लाख 33 हजार की लागत से 923.95 मीटर लंबाई का सेतु निर्माण का कार्य चल रहा है। पुल निर्माण पूरा करने के लिए पहले 27 जून की तिथि निर्धारित की गई थी लेकिन काम नहीं हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस पर नाराजगी जताई थी। रविवार को डीएम पुल का निरीक्षण करने पहुंचे थ। कहा कि मुख्यमंत्री ने इस सेतु को 15 अगस्त से चालू करने का निर्देश दिया है। सेतु निगम के अभियंता को रोजाना स्थलीय निरीक्षण कर कार्य को तय समयसीमा में पूरा कराने को कहा। ठेकेदार को रात दिन तीन शिफ्ट में काम कराने को कहा।