वाराणसी। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेकेंटेश्वर लू ने गुरुवार को कमिश्नरी में बनारस और मिर्जापुर मंडल की चुनाव तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को पांच फीसदी मतदान प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य दिया। इसके बाद कहा कि दोनों मंडलों में 60 फीसदी मतदान का ट्रेंड रहा है। इसे बढ़ाकर 65 फीसदी करना है। इसके लिए जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे प्रदेशों में मतदान प्रतिशत 70 फीसदी तक पहुंच रहा है, दक्षिण भारत में भी मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो रही है, लेकिन यूपी में 60 फीसदी से ज्यादा मतदान नहीं हो पा रहा है, यह चिंतनीय है। निर्वाचन आयोग पूरी मुस्तैदी से जुटा है कि बचे दोनों चरणों में मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो। इसके लिए जिला प्रशासन ही नहीं, बल्कि सामाजिक संस्थाएं भी जुटी हुई हैं।
एक सवाल के जवाब में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि कुछ लोग मतदान के दिन पिकनिक मनाने चले जाते हैं, ऐसे लोगों को इससे रोका जाएगा। उन्हें प्रेरित किया जाएगा कि वह मतदान करें। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई प्रत्याशी पसंद नहीं तो ईवीएम में नोटा का भी ऑप्शन है, मतदाता इसका भी प्रयोग कर सकते हैं। लेकिन हर मतदाता को चाहिए कि वह सबसे बेहतर प्रत्याशी को मतदान करे। जिन मतदाताओं को वोटर आई कार्ड नहीं मिला है, उन्हें दो तीन दिनों के भीतर मिल जाएंगे। इसके अलावा मतदान के लिए 11 विकल्प दिए गए हैं, उनका इस्तेमाल कर मतदान किया जा सकता है।