वाराणसी। प्रियंका गांधी ने अस्सी घाट पर गंगा पुत्रों से सीधा संवाद किया। पार्टी नेताओं से दूर एक नाव पर चौतरफा मल्लाहों से घिरी प्रियंका उनकी हर समस्या को गंभीरता से सुन रही थीं। किसी को नजदीक बुलाकर, किसी से हाथ मिलाकर और किसी की पीठ थपथपाकर प्रियंका पूर्वांचल के गंगा किनारे रहने वाले मल्लाह समाज के लोगों से कांग्रेस को आशीर्वाद देने के लिए मनुहार करती दिखीं।
इसी दौरान संबोधन में प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंदाज में उन पर पलटवार करते हुए कहा कि आपको वचन दिया गया था कि दो करोड़ रोजगार मिलेंगे। बताइए रोजगार मिले कि नहीं मिले... जोर से कहिए... बताइए रोजगार मिले कि नहीं मिले...। ज्यादातर लोगों ने नौकरी मिलने से इन्कार किया।
गंगा में जेटी लगाने और क्रूज के संचालन से नाराज मल्लाह समाज के लोगों से मुलाकात में प्रियंका ने उनके रोजगार, बीमा और बालू खनन के पट्टे के काम में प्राथमिकता का मुद्दा भी उठाया। कहा, हमेशा दूसरों की जान बचाने वाले मल्लाह समाज के लोगों के जीवन की दुश्वारियों पर किसी का ध्यान नहीं है। इस पर समाज के कई उत्साही लोगों ने कांग्रेस का साथ देने की बात कही।
इससे पहले घाट पर सुरक्षा घेरा तोड़ कर और बैरिकेडिंग लांघ कर महिला कार्यकर्ताओं से गले मिल कर अभिवादन स्वीकारने के साथ ही धक्कामुक्की के बीच भी प्रियंका मुस्कुराती रहीं।