वाराणसी। नो एंट्री के बावजूद पैसे लेकर वाहनों को प्रवेश दिए जाने तथा इस दौरान ड्यूटी पर लापरवाही बरतने के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने शनिवार को नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। वहीं आठ को लाइन हाजिर करने का निर्देश दिया।इतना ही नहीं वाहनों से अवैध वसूली करते मिले दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों व ट्रकों से पैसे लेकर अवैध प्रवेश शहर में कराए जाने की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम लगाकर शहर में विभिन्न नो एंट्री प्वाइंट के ड्यूटियों की औचक चेकिंग की। इस दौरान गिलट बाजार तिराहा पर शिवपुर थाना के नारायणपुर निवासी उमा वर्मा तथा बाबतपुर चौराहे पर फूलपुर थाना के रघुनाथपुर निवासी सर्वेश दूबे पैसे लेकर ट्रकों को शहर में अवैध प्रवेश करा रहे थे। इनको गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कैंट थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कराया गया। दोनों के पास से 1700 रुपये भी बरामद हुए।
साथ ही नौ पुलिककर्मियों की संलिप्तता व संदिग्ध गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए एसएसपी ने नौ लोगों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। निलंबित होने वाले कर्मियों में शिवपुर थाना के कांस्टेबल अखिलेश भारती, फूलपुर थाना के कांस्टेबल महेश सरोज, फूलपुर थाना क्षेत्र के हरिशंकर प्रजापति, रोहनियां थानाक्षेत्र के कौशल कुमार, उदय कुमार, अच्छेलाल गौड़, हेड कांस्टेबल रवींद्र नाथ तिवारी, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के हेड कांस्टेबल रामकुंवर व रामजी राम रहे। वहीं लाइन हाजिर होने वाले कर्मियों में मंडुवाडीह थानाक्षेत्र के हेड कांस्टेबल चंदेश्वर राम, छितेश्वर तिवारी, रामजी राम, राजकुमार, सारनाथ थाने के अनिल कुमार सिंह, वीर बहादुर, रामनगर थाने के अरविंद कुमार वर्मा, दीनानाथ भाष्कर शामिल हैं।