वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के नरेंद्रदेव छात्रावास में सरस्वती पूजा के चंदे को लेकर छात्र गुटों में मारपीट हो गई। भड़के छात्रों ने छात्रावास के कमरों में भी तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को नियंत्रित किया। मारपीट से गुस्साए छात्र मुकदमा दर्ज कराने सिगरा थाने पहुंचे तो वहां भी दोनों गुट आमने-सामने आ गए। थाने में भी काफी देर तक बवाल चलता रहा। घायल छात्र की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व महामंत्री सहित 50 छात्रों पर मुकदमा दर्ज किया है।
छात्रों ने बताया कि गुरुवार को सौरभ सिंह दोपहर में नरेन्द्रदेव छात्रावास में सरस्वती पूजा का चंदा लेने पहुंचा। बीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीषानंद ने पैसा नहीं होने की बात कहते हुए चंदा देने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झड़प हुई और बात बिगड़कर मारपीट तक जा पहुंची। छात्रावास में इसी बात को लेकर तीन राउंड मारपीट होने से परिसर में हड़कंप मच गया। छात्रों ने वहां के कक्ष संख्या तीन में तोड़फोड़ कर दी। मारपीट में सौरभ समेत दो छात्र चोटिल हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो छात्रों को पकड़ कर वादी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया। सौरभ नामक छात्र की तहरीर पर सिगरा पुलिस ने पूर्व महामंत्री अनिल यादव, राहुल सोनकर, आशीष यादव, आदित्य यादव, आलोक यादव सहित 40-50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। दूसरी तरफ मारपीट में घायल छात्र सौरभ सिंह, अभिषेक व पीयूष कुमार ने शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल में अपना मेडिकल कराया है। सहायक कुलानुशसक प्रो. बी.डी. पांडेय ने बताया कि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सभी छात्रों को शांतिपूर्वक रहने की अपील की गई है।