वाराणसी। ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। शीतावकाश होने की वजह से स्कूली बच्चाें को राहत जरूर है, लेकिन सुबह और शाम से सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। हालांकि मौसम साफ होने के कारण दिन में धूप की वजह से कुछ राहत है।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि ठंड का असर धीरे धीरे और बढ़ेगा। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और उधर से आ रही हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ रही है। आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की संभावना है। अब कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड पड़ेगी। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।