वाराणसी। पांडेयपुर स्थित निर्माणाधीन ईएसआईसी अस्पताल का मंगलवार को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव और महानिदेशक ने दौरा कर निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्य में धीमी गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए हर हाल में 31 दिसंबर तक काम पूरा कर लेने का निर्देश दिया है। साथ ही 15 जनवरी तक रिपोर्ट भी मांगी है।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव हीरालाल श्यामरिया और महानिदेशक राजकुमार सुबह करीब दस बजे अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने मरीजों को भर्ती किए जाने के लिए बन रहे वार्ड, चिकित्सक कक्ष, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, विश्रामालय, जांच के लिए लगने वाली मशीनों सहित अन्य सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। अस्पताल में जीर्णोद्धार के साथ ही मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल भी बनाया जा रहा है।अस्पताल गेट पर नगर निगम की ओर से बनवाए गए कूड़ा घर, गेट के पास लगने वाली दुकानों को तत्काल हटाने और मरीजों की सुविधा के लिए परिसर में सीसी रोड का निर्माण कराने का निर्देश दिया। इस दौरान अस्पताल में ड्रेेनेज सिस्टम को व्यवस्थित करने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि कार्यदायी संस्था से जुड़े लोगों को 31 दिसंबर तक काम पूरा कराकर 15 जनवरी तक रिपोर्ट देने को कहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अस्पताल का उद्घाटन अगले महीने कराने की तैयारी चल रही है।