फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

12 को दोपहर बाद आएंगे पीएम, बनारस में रहेंगे साढ़े तीन घंटे

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 नवंबर को दोपहर बाद वाराणसी पहुंचेंगे और करीब साढ़े तीन घंटे तक यहां रुकेंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट से पीएम मोदी सीधे रामनगर जाएंगे और जलपरिवहन परियोजना की शुरुआत करने के बाद वाजिदपुर स्थित सभास्थल पर पहुंचेंगे। यहां रिंग रोड, बाबतपुर फोरलेन, दीनापुर एसटीपी सहित अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। करीब साढ़े तीन घंटे रुकने के बाद प्रधानमंत्री लौट जाएंगे।
विज्ञापन

24 सौ करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देने वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। कार्यक्रम मिलने के बाद तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मल्टी मॉडल टर्मिनल का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री सभा स्थल पर जाएंगे। इससे पहले पीएम रिंग रोड और बाबतपुर फोरलेन पर पैदल भी चल सकते हैं। जनसभा को संबोधित करने के बाद देर शाम पीएम दिल्ली लौट जाएंगे।
पीएम जेट्टी पर उतारेंगे पहला कंटेनर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मल्टी मॉडल टर्मिनल की जेट्टी पर एक्सपर्ट्स की मौजूदगी में विशेष क्रेन से पहला कंटेनर उतारकर जलपरिवहन की शुरुआत करेंगे। पेप्सिको के 16 कंटेनर लेकर एमवी आरएन टैगोर जलपोत के 10 नवंबर को यहां पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेष आयोजन के लिए जलपोत को सुसज्जित किया जाएगा। वाराणसी में जलपोत पर उर्वरक, बिल्डिंग मैटेरियल लोड कर उसे कोलकाता रवाना किया जाएगा।
विज्ञापन


पीएम के आगमन को लेकर शुरू हुई तैयारी
पीएम के आगमन को लेकर डीरेका में भी तैयारी शुरू कर दी गई है। अधिकारी क्लब की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तो वहीं सीसीटीवी कैमरे को दुरुस्त करने और बदलने की प्रक्रिया भी शुक्रवार को पूरे दिन चलती रहीं।
एसपीजी के अधिकारी दोबारा पहुंचे, डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के अधिकारियों का दल शुक्रवार को दोबारा शहर पहुंचा। शनिवार को बाबतपुर एयरपोर्ट, वाजिदपुर स्थित जनसभा स्थल और रामनगर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एसपीजी के अधिकारी एडवांस सिक्योरिटी लायजनिंग (एएसएल) बैठक करेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के अलावा मंच और सभा व कार्यक्रम स्थल तक की व्यवस्थाओं का खाका खींचा जाएगा। इसके साथ ही शनिवार से वाजिदपुर और रामनगर स्थित कार्यक्रम स्थल एसपीजी की निगरानी में होंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाले पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के 10 हजार से अधिक जवानों को रविवार को उनकी ड्यूटी के बारे में बताया जाएगा। इसके बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से वाजिदपुर और रामनगर टर्मिनल तक पीएम मोदी की डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल होगा। वहीं, सेना के तीन हेलीकाप्टर बाबतपुर एयरपोर्ट से वाजिदपुर और रामनगर टर्मिनल पर बनाए गए हेलीपैड पर टच एंड गो का रिहर्सल करेंगे। वहीं, पीएम मोदी के आगमन को देखते हुए केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के 20 से अधिक अधिकारियों का दल भी नई दिल्ली से शहर पहुंच गया है। लोकल इंटेलिजेंस यूनिट को अभिसूचना संकलन के काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की ताकीद की गई। उधर, एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने वाजिदपुर और रामनगर स्थित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें