वाराणसी। 201 करोड़ रुपये से बनने वाले वरुणा कॉरिडोर का अब तक 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। 155 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। रविवार को निरीक्षण के दौरान प्रदेश के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह ने सिंचाई विभाग और यूपीपीसीएल को काम दिसंबर से पहले खत्म करने का निर्देश दिया है। वहीं इंजीनियरों की मानें तो बाढ़ के चलते काम जून से बाधित रहा। पानी पूरी तरह से नीचे उतरेगा तभी काम में तेजी आएगी। 30 महीने में 70 प्रतिशत काम हुआ है।
इतने कम समय में मंत्री ने हर हाल दिसंबर से पूर्व काम पूरा कराने को कहा है। मंत्री का कहना है कि बाकी 30 प्रतिशत काम पूरा कराके प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री से इसका लोकार्पण कराया जाएगा। दूसरी ओर इंजीनियरों का कहना है कि बचे 30 प्रतिशत काम को बहुत तेजी से करने बाद भी यह छह महीने से पहले पूरा नहीं किया जा सकता है।
मंत्री ने कहा कि सरकार विलुप्त हो रही नदियों को बचाने का काम कर रही है। चैनलाइजेशन के बाद वरुणा में पानी की गुणवत्ता सुधरी है। उन्होंने कॉरिडोर के सुंदरीकरण और पौधरोपण कराने का निर्देश दिया है। कॉरिडोर निर्माण के दौरान नदी की ओर बन रहे फुटपाथ के नीचे की मिट्टी कटान की जानकारी पर मंत्री ने सिंचाई विभाग के एमडी को निर्देश दिया कि मामले को व्यक्तिगत रूप से देखें।
पूर्व मुख्यमंत्री से क्यों कराया लोकार्पण
शिलापट्ट देखने के बाद मंत्री ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं से पूछा कि वरुणा कॉरिडोर का काम पूरा कराए बगैर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लोकार्पण करा दिया। बाद में मंत्री ने कहा कि चलो ठीक है पहले काम पूरा कराओ। बाद में लोकार्पण होगा।