वाराणसी। जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिलाधिकारी ने सख्त रुख अख्तियार किया है। एसडीएम पिंडरा पर एडवर्स एंट्री और नगर आयुक्त के खिलाफ शासन को पत्र भेजा है। इसके अलावा एक दर्जन और अधिकारियों पर अलग-अलग कार्रवाई की है। जिले में पोर्टल पर 209 मामले ऐसे हैं, जिनके निस्तारण में समयसीमा और गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है। अब इनकी नए सिरे से समीक्षा भी की जाएगी।
पिछले दिनों लखनऊ में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी ने 209 शिकायतों के निस्तारण में अधिकारियों की लापरवाही पाई है। एसडीएम पिंडरा के पास आधा दर्जन से ज्यादा शिकायतें लंबित पाई गई। इसके अलावा नगर आयुक्त स्तर पर भी शिकायतों का निस्तारण नहीं किया गया था। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई की गई है।