वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह आरएमएस के सामने रखे जनरेटर में अचानक आग लग गई। इसके चलते परिसर में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे कर्मचारियों ने मुश्तैदी दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। आसपास पार्सल के बड़े-बड़े बंडल रखे हुए थे अगर आग भड़कती तो जानमाल का नुकसान हो सकता था। आग के कारणों का पता लगाने के लिए संयुक्त जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
एसबीआई की कैंट रेलवे स्टेशन शाखा का जनरेटर परिसर में ही रखा है। सुबह लगभग 11:15 बजे अचानक आग लग गई। उसी परिसर में पार्सल के बड़े-बड़े बंडल और आरएमएस में भी कागजों के सामान रखे हुए थे। बगल में ही मौजूद चीफ ट्रैफिक मैनेजर रवि प्रकाश चतुर्वेदी के कार्यालय में बैठक चल रही थी जिसमें स्टेशन निदेशक आनंद मोहन सिंह सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। सभी भागते हुए मौके पर पहुंचे। तुरंत कर्मचारियों ने फायर इंस्टीग्यूसर, बालू, पानी आदि से आग पर काबू पा लिया। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंच गई। इस पूरी प्रक्रिया में 15 मिनट लगे। आग के चलते फुट ओवर ब्रिज पर जाने वाले रास्ते को थोड़ी देर के लिए बंद कर दिया गया। यात्रियों को मुख्य प्रवेश द्वार की ओर भेज दिया गया। आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। स्टेशन निदेशक ने बताया कि जनरेटर में आग लगने की घटना गंभीर है। इसकी संयुक्त जांच कराई जाएगी। जिसमें रेल, बैंक और आरपीएफ के लोग शामिल रहेंगे। जिसकी गलती निकलेगी उसपर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फायर इंस्टीग्यूसर सहित अन्य उपकरणों की खरीद के लिए मंडल मुख्यालय को लिखा गया है।