सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजूकेशन (सीबीएसई) की सोमवार से शुरू हो रही है। नौ साल बाद यह पहला अवसर होगा जब दसवीं के छात्र-छात्रा बोर्ड परीक्षा देंगे। जिले में बने 29 केंद्रों पर कुल 34,355 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिसमें दसवीं में 18, 335 और बारहवीं में 16,0,20 परीक्षार्थी शामिल हैं। उधर, परीक्षा केंद्रों पर समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 15 प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी दी गई है, जो अपने-अपने इलाके के केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लेते रहेंगे।
पांच मार्च से शुरू होकर 13 अप्रैल तक चलने वाली परीक्षा को लेकर रविवार को अधिकतर केंद्रों पर तैयारियां चलती रहीं। जहां एक ओर छात्र-छात्रा घर पर तैयारी में लगे रहे वहीं, विद्यालयों में कर्मचारी डेस्क स्लिप लगाते रहे। सुबह साढ़े दस बजे से होने वाली परीक्षा में सोमवार को हाईस्कूल की बैंकिंग एंड इंश्योरेंस, फूड प्रोडक्शन, बेसिक एग्रीकल्चर समेत 12 वैकल्पिक विषयों की परीक्षा है जबकि बारहवीं की इंग्लिश इलेक्टिव व इंग्लिश कोर की परीक्षा होनी है।
सिटी कोआर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि दसवीं के जिन विषयों की परीक्षा सोमवार को हैं, उसमें जिले में कोई परीक्षार्थी नहीं है, ऐसे में दसवीं की मुख्य परीक्षा छह मार्च से ही होंगी। परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्कूलों में डेस्क स्लिप लगवाई जा चुकी हैं, सीसीटीवी कैमरे सहित सभी की जांच हो चुकी है। माना जा रहा है कि 21 मार्च से कापियों का मूल्यांकन शुरू हो सकता है। कोआर्डिनेटर ने छात्रों से अपील किया है कि वह तनाव मुक्त होकर परीक्षा दें।