ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की शनिवार को दोनों पालियों में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं हुई। दोनों पाली की परीक्षा में 6529 परीक्षार्थियों ने अपनी परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों की परीक्षा के दौरान कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। जबकि परीक्षा केंद्रों पर सचल दस्तों ने दस्तक दी। मगर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शनिवार को सुबह की पाली में 10वीं सामाजिक विज्ञान की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 35838 में से 4674 ने परीक्षा छोड़ दी। 14441 परीक्षा में शामिल हुए। दोपहर की पाली में ही 12वीं बही खाता एवं लेखाशास्त्र द्वितीय प्रश्नपत्र की भी परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 359 में से 22 ने परीक्षा से दूरी बना ली। 337 परीक्षा में शामिल हुए। दोपहर की पाली में ही 12वीं भौतिक विज्ञान द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 16277 परीक्षार्थियों में से 1833 ने परीक्षा छोड़ दी। 14441 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। भौतिक विज्ञान के कठिन प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को खूब उलझाया। जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम सरोज वर्मा ने बताया कि परीक्षा सकुशल और नकलविहीन संपन्न हो रही हैं। परीक्षा के दौरान सचल दस्ते चक्रमण करते रहे और परीक्षा को समुचित ढंग से संपन्न कराने की कोशिशें जारी रहीं। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात हैं। सीसीटीवी कैमरे भी चल रहे हैं। कैमरों की फुटेज एनआईसी में जमा कराई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों का चक्रमण कर रहे हैं।