वाराणसी। बीएचयू कला संकाय में बीए प्रथम वर्ष के विदेशी छात्र से रैगिंग की जांच शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय की एंटी रैगिंग सेल और लंका पुलिस के अलावा चीफ प्राक्टर के निर्देशन वाली टीम को इसका जिम्मा सौंपा गया है। चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह का दावा है कि आरोपी छात्र चिह्नित कर लिए गए हैं। जल्द ही उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिजी निवासी छात्र मुनीस क्रिसनील सामी ने एलबीएस हॉस्टल के कुछ छात्रों पर मारपीट, धमकी का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। बताया था कि पहले 13 अक्तूबर और फिर 14 अक्तूबर को परिसर स्थित मैत्री जलपान गृह में कुछ छात्रों ने उससे मारपीट की और धमकाया। क्रिसनील की शिकायत पर रविवार को ही लंका पुलिस ने चार अज्ञात छात्रों के विरुद्ध मारपीट, हमला, धमकाने और अपमानित करने का मामला दर्ज कर लिया था। मामला विदेशी छात्र का होने के नाते पुलिस के साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन भी बेहद संजीदा है। एंटी रैगिंग सेल के चेयरमैन प्रो. एसके त्रिगुण के नेतृत्व में जांच की जा रही है। चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह के निर्देशन वाली विश्वविद्यालय की खुफिया सेल भी आरोपी छात्रों की टोह लेने में जुटी है। उधर, लंका थानाध्यक्ष ने मामले की जांच बीएचयू चौकी प्रभारी को सौंपी है और घटनाक्रम का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में अंग्रेजी विभाग के पास छात्रा से छेड़खानी मामले में अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाए जा रहे हैं। चीफ प्राक्टर प्रो. रोयाना सिंह का कहना है कि युवक ने लिखित माफीनामा दे दिया था। छात्रा ने भी कोई शिकायत नहीं की है।