वाराणसी। सड़क पर दौड़ रहे डग्गामार मैजिक ने शुक्रवार को कक्षा सात में पढ़ने वाली छात्रा नीति पटेल की जान ने ली। हादसा लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट-मदरवां मार्ग पर शुक्रवार को हुआ। दिन में करीब 11 बजे छात्रा पैदल स्कूल जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार मैजिक ने उसे टक्कर मार दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गई जहां डॉक्टरों ने नीति को मृत घोषित कर दिया। मैजिक का खलासी गिरफ्तार कर लिया गया है। चालक बृजेश की तलाश हो रही है।
सामने घाट के पटेल नगर में रहने वाले बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी बृजेश पटेल की तीन बेटियां अनामिका, नीति, गुड़िया और एक बेटा रूद्र प्रताप है। नीति दूसरे नंबर पर थी। दिन में करीब 11 बजे नीति अपने घर से पैदल ही पास के कॉन्वेंट स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार मैजिक ने उसे टक्कर मार दी। मैजिक में तेज आवाज में गाना बज रहा था। दुर्घटना के बाद दुर्गाकुंड निवासी मैजिक चालक बृजेश मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने खलासी चंदन को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसओ लंका संजीव मिश्रा का कहना है कि मैजिक में सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जाने वाली भस्सी लदी थी। चालक की तलाश की जा रही है।