पिंडरा। फसल ऋण मोचन योजना से वंचित रहे किसानों को पिंडरा तहसील में मंगलवार को एक समारोह में 577 किसानों को ऋण माफी स्वीकृति प्रमाण पत्र अजगरा के विधायक कैलाश सोनकर द्वारा वितरित किया गया।
पिंडरा तहसील परिसर में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कैलाश सोनकर ने कहाकि सरकार ने अपना वादा पूरा किया। अब किसानों को पूरे मन से देश के आर्थिक विकास में आगे आना होगा।तभी किसानों की आय दोगुनी होने के साथ देश का विकास होगा।उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि किसानों को समय पर खाद, बीजएपानी व बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि अब तक जिले में प्रथम चरण के तहत 7 हजार किसानों को ऋण मोचन योजना के तहत ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र दिया जा चुका है। इस अवसर पर एक लाख से लेकर एक हजार रुपए तक के ऋण प्रमाण पत्र दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम पिंडरा डॉ एनएन यादव, जिला कृषि अधिकारी सुभाष मौर्य, तहसीलदार केके मिश्र, नायब तहसीलदार नीलिमा उपाध्याय, कृषि अधिकारी रामा प्रसाद सिंह समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।