वाराणसी। आखिरकार ग्राम पंचायतों में स्ट्रीट लाइटों में घोटाला करने वाले दो ग्राम पंचायत अधिकारियों और एक ग्राम विकास अधिकारी पर सोमवार को सीडीओ सुनील कुमार वर्मा ने कार्रवाई की। चौदहवें वित्त, राज्य वित्त आयोग की धनराशि का दुरुपयोग कर स्ट्रीट लाइटें लगवाने के मामले में सीडीओ ने इनसे एक हफ्ते में धनराशि वसूलने को कहा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो इन पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही इनके नियुक्ति अधिकारी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया। इसके लिए दोषी प्रधानों को नोटिस जारी करने को कहा है।
सीडीओ ने बताया कि शिकायत की जांच नेडा के परियोजना अधिकारी और खंड विकास अधिकारी से कराई गई। पता चला कि बड़ौरा में 1,19,750 रुपये, बेसहूपुर में 66325 रुपये, मुनारी में 29742 रुपये, पहाड़पुर में 20880 रुपये का दुरुपयोग किया गया है। शिकायत की पुष्टि होने पर सेवापुरी के बड़ौरा के ग्राम पंचायत अधिकारी विजय चंद्र विश्वकर्मा, चोलापुर के मुनारी और पहाड़पुर गांव के ग्राम पंचायत अधिकारी अशोक राजभर, सेवापुरी के बेसहूपुर के ग्राम विकास अधिकारी चंद बली राम पर कार्रवाई की गई है। बाजार से कम मूल्य की स्ट्रीट लाइट खरीद कर अधिक कीमत का भुगतान कराने के मामले में ग्राम सचिव, ग्राम प्रधान दोषी हैं। दोनों से बराबर धनराशि एक हफ्ते के भीतर वसूल कर चौदहवें वित्त और राज्य वित्त आयोग के खाते में जमा कराई जाए। ऐसा नहीं होने पर सहायक विकास अधिकारी एफआईआर दर्ज कराएंगे। इसके अलावा इन गांवों के प्रधानों को भी नोटिस जारी करने को कहा।