वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में नए सिरे से हाई डेफिनेशन कैमरा लगाने का जिम्मा शुक्रवार को इलाहाबाद की कंपनी डॉटा लाइफ को दे दिया गया। डॉटा लाइफ अगले दो दिन के भीतर मंदिर के गर्भगृह से लेकर परिसर के चिह्नित स्थानों पर एचडी कैमरे लगाने का काम शुरू कर देगी। मंदिर में अभी तक सात स्थानों पर ही एचडी कैमरे लगे हैं। 23 नए कैमरों को लगाए जाने की संस्तुति की गई है। इसी के साथ 30 एचडी कैमरों से विश्वनाथ मंदिर परिसर के कोने-कोने पर नजर रखी जाएगी।
मंदिर में एचडी कैमरे लगाने के लिए निविदा आमंत्रित किए जाने के बाद चार कंपनियों ने अपना इस्टीमेट प्रस्तुत किया था। टेंडर खोले जाने के बाद मंदिर प्रशासन ने चारों कंपनियों के रेट खोले। इसके बाद मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण के निर्देश पर आर्डर जारी कर दिया गया। शुक्रवार को इलाहाबाद की कंपनी डॉटा लाइफ को मंदिर में एचडी कैमरे लगाने के लिए काम आवंटित किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से अति संवेदनशील विश्वनाथ मंदिर परिसर के सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के दौरान अधिकतर प्वाइंट पर लगे कैमरों के खराब होने की रिपोर्ट को प्रशासन ने गंभीरता से लिया था। इसके बाद से ही मंदिर के कैमरों को बदलवाने के लिए मशक्कत की जा रही थी। दो दिन के भीतर अब एचडी कैमरे लगाने का काम शुरू हो जाएगा।